MEDIA LIVE : बादल फटने से मौत का मंजर, घरों में घुसा मलावा, जनजीवन अस्त – व्यस्त
मीडिया लाइव: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बादल फटने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। रविवार रात साढ़े 8 बजे उत्तरकाशी जनपद में मांडो गांव के बीचोंबीच बहने वाला गदेरा तबाही लेकर आया। गनीमत ये रही कि गदेरे में पानी बढ़ते ही लोग अपने घरों को छोड़कर भाग गए, नहीं तो इसकी चपेट में काफी लोग आ सकते थे।
जानकारी के मुताबिक मांडो गांव में करीब 4 से 5 मकान जमींदोज हो गए हैं।देवानन्द भट्ट के परिवार की दो महिलाएं और एक बच्ची मलबे में दब गए। सोमवार सुबह तीनों के शव निकाल लिए गए हैं। मृतकों में माधरी देवी (42 वर्ष), रीतू (38 वर्ष) और कुमारी ईशु (6 वर्ष) हैं। वहीं, राहत बचाव टीम ने 4 घायल मजदूरों को जिला अस्पताल भिजवाया है। दूसरी ओर निराकोट में गांव के दोनों और गदेरा आने के कारण ग्रामीण बीच मे फंस गए हैं और ग्रामीणों ने एक स्थान पर शरण ले ली है।
वहीं उत्तरकाशी के बाद अब टिहरी में भी बादल फटने की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक के मेड गांव में आज तड़के जोर आवाज के साथ बादल फटा हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन घटना सुबह तड़के 4 बजे की बताई जा रही है लोग सुरक्षित हैं। लेकिन कुछ घर मलबे में दबे हैं। गांव के ही रहने वाले भगवान सिंह ने बताया कि आज सुबह बेहद तेज आवाज आने पर उन्होंने ग्रामीणों को जगाया, जिससे लोगों की जान बच गई। नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।
घनसाली क्षेत्र के ग्राम मेड के ऊपर बादल फटने की सूचना प्राप्त है। 3-4 घरों में मलवा घुसा है। कोई जन-पशु धन हानि की सूचना नहीं है। एक व्यक्ति के सामान्य घायल होने की जानकारी मिल रही है। राजस्व टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।
