खेती- किसानी

पौड़ी के रेवड़ी मल्ली में धान की क्रॉप कटिंग, 30 वर्ग मीटर में 8.7 किलो उपज मिली

FacebookTwitterGoogle+WhatsAppGoogle GmailWeChatYahoo BookmarksYahoo MailYahoo Messenger

मीडिया लाइव, गढ़वाल : पौड़ी जनपद में कृषि उत्पादन के सटीक आंकड़े जुटाने के लिए राजस्व और कृषि विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। इसी क्रम में तहसील पौड़ी के अंतर्गत ग्राम पंचायत रेवड़ी मल्ली में धान क्रॉप कटिंग प्रयोग पौड़ी के तहत सफल प्रयोग किया गया। कृषक रणबीर सिंह के खेत में सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से 30 वर्गमीटर के प्लॉट पर धान की कटाई की गई, जिसमें कुल 8 किलो 700 ग्राम उपज प्राप्त हुई। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने स्वयं खेत में पहुंचकर कटाई की।

राजस्व विभाग की टीम ने कृषक रणबीर सिंह के धान के खेत में निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 वर्गमीटर क्षेत्रफल का प्लॉट तैयार किया। सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से विधिवत क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। प्रयोग के उपरांत 30 वर्गमीटर के प्लॉट से कुल 8 किलो 700 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने बताया कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर जनपद में विभिन्न फसलों की औसत उपज एवं उत्पादन के आंकड़े तैयार किए जाते हैं। इससे कृषि उत्पादन की वास्तविक स्थिति का अधिक सटीक आकलन करने में सहायता मिलती है।

उन्होंने कहा कि इससे प्राप्त आंकड़े फसल क्षति की स्थिति में क्षतिपूर्ति का आकलन करने तथा फसल बीमा के अंतर्गत देय राशि निर्धारित करने में भी महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रयोगों को निर्धारित मानकों एवं पारदर्शिता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर खेत का नक्शा, खसरा, रजिस्टर सहित अन्य संबंधित भू-अभिलेखों का निरीक्षण किया और कृषक से धान की फसल, बोए गए बीज तथा उत्पादन से संबंधित जानकारी ली।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान पुष्पा नेगी, राजस्व उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह एवं कुलदीप शाह, कृषि विभाग से अमित नवानी, फसल बीमा से राकेश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।