उत्तराखण्ड न्यूज़

देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती, 532 किलो जब्त

FacebookTwitterGoogle+WhatsAppGoogle GmailWeChatYahoo BookmarksYahoo MailYahoo Messenger

मीडिया लाइव, देहरादून: देहरादून को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम के 100 वार्डों में देहरादून में सिंगल यूज प्लास्टिक बैन को सख्ती से लागू किया जा रहा है। अब तक 1776 प्रतिष्ठानों की जांच में 762 जगहों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक मिला, जिस पर 550 चालान और 1.96 लाख जुर्माना वसूला गया है, साथ ही 532 किलो प्लास्टिक जब्त किया गया है।

प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने के लिए 50 सेक्टर अधिकारी तैनात किए हैं। ये अधिकारी शहर भर में औचक निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और बिक्री की जांच की जा रही है। नियम तोड़ने पर तुरंत चालान की कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान अब तक कुल 532 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर उसे नष्ट किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इसका मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि बाजार में प्लास्टिक की सप्लाई को रोकना है।

जिला प्रशासन ने इसे पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी बताया है। प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बिल्कुल न करें और उसकी जगह कपड़े, जूट या कागज के बैग जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाएं। प्रशासन ने साफ किया है कि स्वच्छ देहरादून का लक्ष्य बिना जन सहयोग के पूरा नहीं हो सकता।